कपड़ा गोदाम में भीषण आग, एक घंटे बाद पाया गया काबू
गया। बिहार के गया शहर में एक कपड़ा गोदाम में लगी आग ने बड़ी लापरवाही को उजागर कर दिया। बिना सुरक्षा उपकरण चल रहे इस गोदाम में आग लगने के बाद फायर टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। राहत की बात ये रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
अचानक लगी आग से मचा हड़कंप
गया के कोतवाली थाना क्षेत्र के एन रोड पर गुरुवार देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लादूलाल ज्ञानचंद जैन के कपड़ा गोदाम में अचानक आग लग गई। आग गोदाम की दूसरी मंजिल पर बने बड़े हॉलनुमा स्टोर में लगी थी, जहां भारी मात्रा में कपड़े और कई इलेक्ट्रॉनिक सामान रखे हुए थे।
लोगों की भीड़, तुरंत दी गई सूचना
आग लगते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। बताया जा रहा है कि जैन शहर के बड़े कपड़ा कारोबारी हैं और उनके कई जगहों पर थोक और खुदरा का काम चलता है।
शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका
शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। गोदाम के अंदर इन्वर्टर, कंप्यूटर, एमसीबी और एसी जैसे कई उपकरण लगे थे, जिनसे शॉर्ट सर्किट होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, असली कारण जांच के बाद ही साफ होगा।
सुरक्षा के इंतजाम नहीं, बढ़ी परेशानी
इस घटना में सबसे बड़ी लापरवाही यह सामने आई कि गोदाम में आग बुझाने के लिए कोई भी सुरक्षा उपकरण मौजूद नहीं था। इसी वजह से आग बुझाने में फायर कर्मियों को काफी दिक्कत हुई। दूसरी मंजिल पूरी तरह बंद थी और वहां तक पहुंचने के लिए सिर्फ संकरी सीढ़ियां थीं, जिससे राहत काम और मुश्किल हो गया।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची फायर टीम
फायर टीम को पहले गोदाम का दरवाजा तोड़ना पड़ा, तब जाकर अंदर पहुंच सके। अंदर घना धुआं भरा हुआ था, इसलिए दमकल कर्मियों को बीए सेट पहनकर जाना पड़ा। हाल के अंदर जमा धुएं को बाहर निकालने के लिए खिड़कियां और जंगले तोड़े गए। इसके बाद स्मोक डिटेक्शन तकनीक की मदद से हालात को काबू में किया गया।
एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू
करीब एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। गोदाम में लाखों रुपये के कपड़े और अन्य सामान रखे थे, लेकिन नुकसान कितना हुआ है, इसका सही अंदाजा अभी नहीं लग पाया है। गोदाम मालिक और उनके परिवार वाले इस बारे में कुछ भी कहने से बच रहे हैं।गनीमत रही कि आग ज्यादा नहीं फैली और धुएं तक ही सीमित रही। अगर आग ज्यादा भड़क जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
जांच जारी, बिना लाइसेंस चल रहा था गोदाम
फायर ऑफिसर नवीन कुमार सिंह ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन एहतियात के तौर पर टीम को कुछ देर और मौके पर रखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि गोदाम बिना लाइसेंस के चल रहा था और सुरक्षा नियमों की साफ अनदेखी की गई थी। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं और लापरवाही के हर पहलू को देखा जा रहा है।



