संचिता सुषमा वालके

राष्ट्रीय पालतू पशु दिवस: निस्वार्थ प्रेम और इंसानियत का उत्सव

हर वर्ष 11 अप्रैल को मनाया जाने वाला राष्ट्रीय पालतू पशु दिवस हमें उस निस्वार्थ प्रेम और अपनत्व की याद दिलाता है, जो हमारे पालतू जानवर बिना किसी अपेक्षा के हमें देते हैं। वे केवल जानवर नहीं होते, बल्कि हमारे परिवार का अभिन्न हिस्सा बन जाते हैं—हमारे सुख-दुख के सच्चे साथी। आज की तेज रफ्तार जिंदगी में, जहां रिश्तों में दूरी बढ़ती जा रही है, वहीं पालतू पशु अपने स्नेह और वफादारी से हमारे जीवन को संतुलित और भावनात्मक रूप से समृद्ध बनाते हैं। उनका साथ हमें मानसिक सुकून देता है, अकेलेपन को दूर करता है और जीवन में सकारात्मकता का संचार करता है। यह दिन केवल अपने पालतू जानवरों के प्रति प्रेम जताने का अवसर नहीं, बल्कि उन असहाय और बेघर जानवरों के प्रति संवेदनशील होने का भी संदेश देता है, जो सड़कों पर संघर्षपूर्ण जीवन जी रहे हैं। हमें यह समझना होगा कि वे भी उसी प्रकृति का हिस्सा हैं, जिसका हम हिस्सा हैं। इंसानियत की सच्ची पहचान जानवर बोल नहीं सकते, लेकिन उनकी आंखों में झलकता स्नेह और भरोसा बहुत कुछ कह जाता है। उनकी देखभाल करना, उन्हें भोजन-पानी देना, समय-समय पर उनका इलाज कराना और उन्हें सुरक्षित वातावरण देना—यही सच्ची इंसानियत है। हमारी जिम्मेदारी पालतू पशु रखना केवल शौक नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उनके स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा का ध्यान रखना हमारा कर्तव्य है। साथ ही, हमें अपने आसपास के बेघर पशुओं के लिए भी छोटी-छोटी पहल करनी चाहिए—जैसे गर्मी में पानी की व्यवस्था, भोजन देना या जरूरत पड़ने पर उनकी सहायता करना। राष्ट्रीय पालतू पशु दिवस हमें यह सिखाता है कि सच्चा प्रेम बिना शर्त होता है। आइए, इस अवसर पर हम संकल्प लें कि अपने पालतू साथियों को भरपूर प्यार देंगे और बेघर जानवरों की मदद कर उन्हें भी एक सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन देने का प्रयास करेंगे। क्योंकि वास्तव में, उनका प्यार सबसे सच्चा और पवित्र होता है।