संपादक: संचिता सुषमा वाल्के

भोपाल। राजधानी भोपाल के बड़े तालाब के किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सोमवार से शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने इस अभियान की शुरुआत भदभदा क्षेत्र से की, जहां अवैध रूप से बने निर्माणों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान बड़े तालाब किनारे बनी 9 अवैध दुकानों को जमींदोज कर दिया गया। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। जानकारी के अनुसार, बड़े तालाब क्षेत्र में कुल 347 स्थान चिन्हित किए गए हैं, जहां अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जानी है। इसके लिए भोपाल प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है और चरणबद्ध तरीके से अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि तालाब क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कर पर्यावरण संरक्षण और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। आने वाले दिनों में अन्य चिन्हित स्थानों पर भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।