भोपाल। राजधानी भोपाल में साहित्य, कला और संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण आयोजन 25 मई को आयोजित किया जाएगा। डॉ. सुरेंद्र शुक्ला द्वारा स्थापित संस्था ‘उद्घोष साहित्य, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा परिषद’ द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित इस कार्यक्रम की श्रृंखला में इस वर्ष भी भव्य सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विभिन्न कला क्षेत्रों से जुड़े युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। संस्था द्वारा आयोजित इस आयोजन में गायन, नृत्य, एंकरिंग सहित कई विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रदेशभर के युवा प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। यह आयोजन न केवल युवाओं की रचनात्मकता को मंच प्रदान करता है, बल्कि उनकी प्रतिभा को निखारने और उन्हें नई पहचान दिलाने का अवसर भी देता है। हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। कार्यक्रम के दौरान साहित्य, कला-संस्कृति एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन व्यक्तियों को समर्पित होगा, जिन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से समाज में विशिष्ट पहचान स्थापित की है। इस आयोजन की खास बात यह है कि यह कार्यक्रम संस्था के संस्थापक एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वर्गीय डॉ. सुरेंद्र शुक्ला की स्मृति को समर्पित है। इस अवसर पर विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए पंजीयन प्रक्रिया 5 अप्रैल से 15 अप्रैल तक जारी रहेगी। प्रतियोगिताओं के लिए आयु सीमा 15 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि सम्मान के लिए आयु सीमा 18 से 35 वर्ष रखी गई है। इच्छुक प्रतिभागी क्यूआर कोड के माध्यम से अपना पंजीयन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए समन्वयक संजय नागर से मोबाइल नंबर 9893506193 पर संपर्क किया जा सकता है। संस्था ने सभी युवा कलाकारों, साहित्य प्रेमियों और प्रतिभागियों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है।